भुवनेश्वर , मार्च 26 -- ओडिशा सतर्कता (विजिलेंस) ईकाई के अधिकारियों ने आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में गंजम जिले में गुरुवार को एक सहायक अभियंता से जुडे पांच ठिकानों पर छापेमारी की है और करोड़ों की संपत्ति का पता लगाया है।

आरोपी पांचू बेहरा वर्तमान में भंजनगर सिंचाई प्रभाग के तहत दहा सिंचाई विभाग में उप-मंडलाधिकारी (एसडीओ) के रूप में कार्यरत हैं। यह अभियान बरहामपुर स्थित विशेष न्यायाधीश (सतर्कता) बरहमपुर द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर तीन पुलिस उप-अधीक्षकों (डीएसपी), सात निरीक्षकों और सहायक कर्मचारियों की देखरेख में चलाया गया।

तलाशी के दौरान अधिकारियों को बरहामपुर में लगभग 3,550 वर्ग फुट का एक तीन मंजिला भवन और शहर के आसपास पांच मूल्यवान भूखंड मिले हैं। सतर्कता तकनीकी शाखा वर्तमान में इन संपत्तियों के मूल्य का आकलन कर रही है। छापेमारी में 18.9 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की गई, जिसमें बरहामपुर स्थित आवासीय घर से 15.13 लाख रुपये और भंजनगर स्थित एक सरकारी क्वार्टर से प्राप्त 3.72 लाख रुपये शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, अधिकारियों ने 2024 में 57 लाख रुपये में खरीदी गई एक कंक्रीट मिक्सर मशीन, 2025 में 37 लाख रुपये में खरीदी गई एक जेसीबी मशीन, एक चौपहिया वाहन और तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित