भुवनेश्वर , मार्च 18 -- ओडिशा विधानसभा में बुधवार को उस समय भारी हंगामा देखने को मिला जब बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के विधायकों ने कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हाल ही में हुई आग की घटना को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई थी।

विपक्ष के लगातार हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी को सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी और अंततः कार्यवाही शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी थी।। सुबह 10:30 बजे प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सदस्य सदन के वेल में पहुंच गए, नारेबाजी की और पोस्टर-बैनर दिखाते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के इस्तीफे की मांग करने लगे। शोरगुल और हंगामें के चलते 10:36 बजे सदन स्थगित कर दिया गया।

विपक्ष ने 11:30 बजे दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर और आक्रामक रुख अपनाते हुए प्रतीकात्मक अर्थी लेकर सदन में प्रवेश किया और "राम नाम सत्य है" के नारे लगाए। इस दौरान विधानसभा परिसर में मॉक फ्यूनरल (प्रतीकात्मक अंतिम यात्रा) भी निकाली गई।

सत्तारूढ़ भाजपा के सदस्यों ने विपक्ष पर इस त्रासदी का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। हालांकि, लगातार हंगामे के कारण प्रश्नकाल और अन्य निर्धारित कार्य पूरी तरह बाधित हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित