भुवनेश्वर , अक्टूबर 18 -- ओडिशा में ढेंकनाल वन विभाग के तीन कर्मचारियों को करीब 65.90 लाख रुपये की अनियमितता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

ओडिशा सतर्कता विभाग ने रविवार को बताया कि ढेंकनाल के मंडल वन अधिकारी (डीएफओ) कार्यालय में तैनात एक वरिष्ठ लिपिक सुजीत कुमार जेना और दो अन्य कर्मचारियों ने 65.90 लाख रुपये का गबन किया। इन अभियुक्तों ने वेतन, पेंशन, अवकाश प्राप्ति के बकाया और अन्य आधिकारिक खर्चों के लिए आवंटित पैसों को अपने, अपने परिवार के सदस्यों और साथियों के बैंक खातों में भेज दिए।

सतर्कता विभाग ने आरोपी लिपिक को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही सदर रेंज के 'एलिफेंट स्क्वॉड' के कर्मचारी सौम्य रंजन बेहरा और रश्मि रंजन स्वैन को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। यह गबन 2016 से 2026 के बीच हुआ है। सतर्कता विभाग के अनुसार जेना ने अपने पद का गलत फायदा उठाते हुए उन पैसों को अपने और अपने साथियों के खातों में भेज दिया, जो बर्खास्त या फरार कर्मचारियों के वेतन, अवकाशप्राप्ति के बकाया, पेंशन, वेतन बिलों, आकस्मिक खर्चों, कर्मचारियों के वेतन के बकाया और यात्रा भत्ते के लिए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित