भुवनेश्वर , अगस्त 28 -- ओडिशा में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 26 अगस्त से तीन दिन तक चले प्रवर्तन अभियान के दौरान 3,605 किलोग्राम घटिया मिठाइयां और बासी खाना ज़ब्त करके नष्ट कर दिया।

यह जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।

राज्य के खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. पोमा टुडू ने बताया कि सभी 30 ज़िलों और छह नगर निगमों में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापे मारे गये। संयुक्त टीमों ने केमिकल जांच के लिए खाने-पीने की चीज़ों के 475 संदिग्ध सैंपल इकट्ठा किये जबकि दुकान मालिकों से जुर्माने के रूप में 2.84 लाख रुपये वसूले गये तथा 189 खाद्य प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किये गये।

राज्य मुख्यालय में खाद्य सुरक्षा की नामित अधिकारी डॉ. प्रतीक्षा महापात्रा ने कहा कि जांच रिपोर्ट और नोटिस के जवाबों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जायेगी। यह अभियान गृह विभाग, आवास एवं शहरी विकास विभाग तथा शहरी स्थानीय निकायों के साथ मिलकर चलाया गया। इस कार्रवाई को लागू करने के लिए खाद्य सुरक्षा की 61 टीमें तैनात की गयी हैं।

डॉ. टुडू ने ज़िला टीमों को निर्देश दिया कि वे निरीक्षण जारी रखें, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नज़र रखें और जन-स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए उचित कानूनी कार्रवाई करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित