भुवनेश्वर , मई 20 -- ओडिशा में सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में बुधवार को कालाहांडी जिले में सड़क एवं भवन (आर एंड बी) विभाग के कार्यपालक अभियंता को गिरफ्तार कर लिया। आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक ज़मीन-जायदाद, बहुमंजिला इमारतें और व्यावसायिक संपत्तियों के बारे में पता चलने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
आरोपी की पहचान भुवनेश्वर सबर के रूप में हुई है, जो धर्मागढ़ स्थित आर एंड बी उप-विभाग में कार्यपालक अभियंता (ईई) और भवानीपटना स्थित आर एंड बी के प्रभारी ईई हैं। उसके के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस इंजीनियर द्वारा कथित तौर पर जमा की गयी संपत्तियों का आंकडा देखकर जांचकर्ता भी हैरान रह गए हैं। गौरतलब है कि इस इंजीनियर ने लगभग 27 साल पहले सरकारी सेवा में प्रवेश किया था, तब उसका मासिक वेतन मात्र 6,000 रुपये के आसपास था।
सतर्कता विभाग के अधिकारियों के अनुसार सबर से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ की गई तलाशी में करोड़ों रुपये की ऐसी संपत्तियां सामने आईं जो उसकी आय के अनुपात में कहीं अधिक हैं और कथित तौर पर वह इन संपत्तियों के बारे में संतोषजनक स्पष्टीकरण देने में विफल रहा।
इन छापों के दौरान लगभग 83 एकड़ ज़मीन पर फैले 97 प्लॉट, लगभग 17 एकड़ में फैले दो फार्महाउस, पाँच इमारतें (जिनमें चार बहुमंज़िला इमारतें शामिल हैं) और आठ व्यावसायिक केबिन वाला एक मार्केट कॉम्प्लेक्स, साथ ही कई निर्माणाधीन संपत्तियाँ और अन्य कीमती चीज़ें मिलीं। तलाशी के दौरान मिली मुख्य संपत्तियों में भवानीपटना शहर के गोसानीमुंडा में 4,500 वर्ग फुट की दो-मंज़िला इमारत और कोकसारा इलाके के कुसुमखुंटी में 2,625 वर्ग फुट की एक और इमारत शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित