भुवनेश्वर , अक्टूबर 17 -- ओडिशा में सतर्कता विभाग ने यहां देर रात एक कार्रवाई के दौरान महानदी उत्तरी मंडल के अधीक्षण अभियंता से 21.88 लाख रुपये की संदिग्ध बेहिसाबी नकदी जब्त की। ठेकेदारों से कथित तौर पर रिश्वत की रकम वसूलने की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने कटक जिले के जगतपुर में तैनात प्रसंजित दास को एजी चौक के पास उस समय रोका, जब वह सरकार की ओर से किराये पर ली गई बोलेरो गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। उनके पास से 7.28 लाख रुपये बरामद किए गए।

इसके बाद भुवनेश्वर के घाटिकिया स्थित ट्राइडेंट गैलेक्सी में उनके किराये के फ्लैट की तलाशी ली गयी, जहां से 14.60 लाख रुपये और बरामद हुए। बरगढ़ स्थित उनके पैतृक आवास पर भी तलाशी ली गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित