भुवनेश्वर , सितंबर 23 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी 25 सितंबर को राज्य के बड़े सहकारी सदस्यता अभियान 'संबंध' और एक नये मोबाइल ऐप की शुरुआत करेंगे।
इसका मकसद सहकारी क्षेत्र का दायरा बढ़ाना और ज़्यादा ग्रामीण परिवारों को सहकारी व्यवस्था से जोड़ना है।
'संबंध' अभियान के तहत, सहकारिता विभाग ने राज्य के हर ग्रामीण परिवार से कम से कम एक सदस्य को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। नया मोबाइल ऐप सहकारी सदस्यों के डिजिटल रजिस्ट्रेशन में मदद करेगा और इसका मकसद सदस्यता प्रक्रिया को आसान, ज़्यादा पारदर्शी और सुलभ बनाना है।
इस मौके पर गन्ना खेती को बढ़ावा देने और किसानों की मदद के लिए राज्य स्तरीय योजना भी शुरू की जायेगी। यह योजना सहकारी चीनी मिलों के कैचमेंट एरिया (आपूर्ति क्षेत्र) पर केंद्रित होगी। शुरुआत में बडंबा सहकारी चीनी मिल को फिर से चालू करने और असिका सहकारी चीनी मिल को मज़बूत करने पर प्राथमिकता दी जायेगी।
सहकारी क्षेत्र के लिए एक अहम पहल के तहत ओडिशा के सहकारी आंदोलन के इतिहास में पहली बार प्राइमरी एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव सोसाइटीज़ (सीएसीएस ) और लार्ज एरिया मल्टीपर्पस कोऑपरेटिव सोसाइटीज़ (एलएएमपीसीएस) के किसान सदस्यों को डिविडेंड (लाभांश) मिलेगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने और डेयरी किसानों को ज़्यादा मदद देने के लिए, कार्यक्रम के दौरान सीएसीएस में नये दूध संग्रह केंद्रों का वर्चुअल उद्घाटन किया जायेगा। नये कृषि सेवा केंद्रों, उपभोक्ता केंद्रों और जन सेवा केंद्रों का भी उद्घाटन किया जायेगा। पारदर्शिता और कामकाज की दक्षता को बेहतर बनाने के उपायों के तहत पीएसीएस को राष्ट्रीय स्तर पर पीएसीएस कंप्यूटराइजेशन सॉफ्टवेयर (एनएलपीएस ) के साथ जोड़ा जा रहा है। इस इंटीग्रेशन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत 25 सितंबर को होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित