भुवनेश्वर , जुलाई 28 -- मौसम विभाग ने ओडिशा के तीन जिलों के लिये भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश भी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, तटीय इलाके में एक गहरे दबाव का क्षेत्र मंगलवार सुबह उत्तर ओडिशा और उससे सटे पश्चिम बंगाल के ऊपर केंद्रित हो गया। अगले 24 घंटों के दौरान इस मौसम प्रणाली के उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।

इसके कारण पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में भारी वर्षा दर्ज की गई। बालेश्वर शहर में सबसे अधिक 25 सेमी बारिश दर्ज की गई, जबकि नीलगिरि, जलेश्वर और रेमुणा में 24-24 सेमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है, जिसमें कई स्थानों पर बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।

बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, देवगढ़, अनुगुल, ढेंकानाल, सुवर्णपुर, बौद्ध, नुआपाड़ा और बलांगीर जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जहां एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, कालाहांडी, कंधमाल, नवरंगपुर, कोरापुट, मलकानगिरी, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है, जहां कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की उम्मीद है। बुधवार सुबह तक समुद्र में स्थिति खराब रहने की आशंका है, जिसके बाद इसमें धीरे-धीरे सुधार आ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित