नयी दिल्ली , सितंबर 28 -- माल ढुलाई को सुगम बनाने के लिए रेलवे ने ओडिशा में महत्वपूर्ण खनिज परिवहन गलियारा बारबिल-बोलानीखदान का दोहरीकरण करने का निर्णय लिया है। इसके लिए रेलवे ने 122 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी प्रदान की है।

रेलवे ने सोमवार को बताया कि दक्षिण पूर्व रेलवे की छह किलोमीटर लंबी बारबिल-बोलानीखदान दोहरीकरण परियोजना के पूरा होने के बाद इस रेल खंड पर 89 लाख टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) अतिरिक्त माल की ढुलायी की जा सकेगी। इससे मालगाड़ियों के परिचालन में होने वाली देरी को कम करने में भी मदद मिलेगी।

रेलवे के अनुसार बारबिल-बोलानीखदान खंड को भारतीय रेलवे के 'ऊर्जा, खनिज और सीमेंट गलियारे' के तहत चिह्नित किया गया है। मौजूदा रेल खंड सिंगल लाइन वाला है और वर्तमान में यहां करीब नौ एमटीपीए माल की ढुलाई होती है। इसमें प्रतिदिन लगभग छह लदी हुई मालगाड़ियां लौह अयस्क लेकर रवाना होती हैं।

रेलने ने बताया कि यहां से उच्च गुणवत्ता वाले लौह अयस्क और पेलेट्स की ढुलाई सेल की बोलानी खदानों तथा निजी साइडिंग (रुंगटा, खटाऊ नरभेराम) से प्रमुख इस्पात संयंत्रों और बंदरगाहों तक की जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित