भुवनेश्वर , जून 05 -- ओडिशा के अनुगुल और मयूरभंज जिलों से शुक्रवार को सामने आये दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 16 अन्य घायल हो गये।

पहले हादसे में अनुगुल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-55 पर लोहामुंडा के पास एक निजी बस की कोयले से लदे ट्रक से टक्कर हो गयी, जिसमें बस के क्लीनर की मौत हो गयी और दस यात्री घायल हो गये।

यह हादसा तब हुआ, जब निजी बस भुवनेश्वर से झारसुगुड़ा जा रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री घायल हो गये। इनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

घायलों को शुरुआत में अनुगुल के जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन गंभीर रूप से घायल यात्रियों की हालत बिगड़ने पर बाद में उन्हें कटक के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की।

मयूरभंज जिले में हुए एक अन्य हादसे में बेतनती के पास एक कार के ट्रक से टकरा जाने से उसमें सवार छह लोग घायल हो गये। इनमें से दो की हालत गंभीर है।

सूत्रों के अनुसार, कार सवार लोग भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घायलों को बचाकर पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनमें से दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

पुलिस ने दोनों घटनाओं के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसों के कारणों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित