भुवनेश्वर , सितंबर 17 -- यूनिवर्सल प्राउटिस्ट स्टूडेंट्स फेडरेशन (यूपीएसएफ) ने ओडिशा सरकार से सभी जरूरी शैक्षणिक खर्चों को शामिल करते हुए पूरी तरह नि:शुल्क शिक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

संगठन ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक ढांचागत सुधारों की भी मांग की है। मुख्यमंत्री को सौंपे गये सात सूत्रीय वाले ज्ञापन में संगठन ने कहा कि सरकार द्वारा प्रवेश और शिक्षण शुल्क माफ करने का फैसला स्वागत योग्य है, लेकिन इसे अपने आप में 'नि:शुल्क शिक्षा' नहीं कहा जा सकता।

संगठन ने कहा कि छात्रों को अभी भी पाठ्यपुस्तकों, वर्दी, छात्रावास, भोजन, परिवहन, डिजिटल सुविधाओं, परीक्षा शुल्क और अन्य जरूरी चीजों का खर्च उठाना पड़ता है। यूपीएसएफ ने कहा, ''केवल शुल्क माफ करने से शिक्षा तक समान पहुंच सुनिश्चित नहीं हो सकती।'' संगठन ने मांग की कि सरकार इन सभी खर्चों का भार उठाये।"संगठन की अन्य प्रमुख मांगों में जाति, धर्म, लिंग या आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना सभी के लिए समान शैक्षणिक अवसर, नैतिक और आध्यात्मिक विकास पर जोर देने वाली मूल्य आधारित शिक्षा तथा स्थानीय संसाधनों, कृषि, व्यावसायिक कौशल और आत्मनिर्भरता से जुड़ी शिक्षा शामिल हैं।

संगठन ने शिक्षा विशेषज्ञों द्वारा संचालित और राजनीतिक हस्तक्षेप को न्यूनतम रखते हुए एक स्वायत्त शिक्षा बोर्ड बनाने की भी मांग की। साथ ही, उसने मातृभाषा को शिक्षा का प्राथमिक माध्यम बनाने और वैश्विक भाषाओं पर भी पर्याप्त जोर देने की मांग की।

यूपीएसएफ ने शैक्षणिक संस्थानों से राजनीतिक हस्तक्षेप पूरी तरह समाप्त करने की भी मांग की और कहा कि स्कूल तथा कॉलेज केवल शिक्षा और चरित्र निर्माण के लिए समर्पित होने चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित