भुवनेश्वर , अक्टूबर 27 -- ओडिशा पुलिस ने चक्रवात 'अर्नब' के असर से भारी बारिश, तेज हवाएं चलने और जलभराव होने के मद्देनजर अपने सेंट्रल रेंज के सात जिलों कटक ग्रामीण, जगतसिंहपुर, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, खुर्दा, नयागढ़ और पुरी को हाई अलर्ट पर रखा है।

सेंट्रल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ. सत्यजीत नाइक ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को जिला प्रशासन, ओडीआरएएफ, अग्निशमन सेवा, ओएसडीएमक और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ मिलकर बचाव के उपाय करने के निर्देश दिये हैं। संवेदनशील, निचले, बाढ़ संभावित और तटीय इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुरी, जगतसिंहपुर, कटक और खुर्दा जिलों में ओडीआरएएफ की चार टीमें तैनात की गयी हैं।

पुलिस लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में भी मदद कर रही है, जिसमें बुजुर्गों, बच्चों, महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगों को प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस ट्रैफिक को नियंत्रित करेगी, गिरे हुए पेड़ों और जलभराव वाली सड़कों को साफ करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि आपातकालीन वाहनों को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो। जिन इलाकों से लोगों को निकाला गया है, वहां चोरी रोकने के लिए गश्त और रात की निगरानी बढ़ा दी गयी है। इसके साथ ही जिला कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे काम करते रहेंगे।

जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा और पुरी के लिए विशेष तटीय अलर्ट जारी किया गया है। यहां पुलिस को तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा करने और लोगों को समुद्र तटों या समुद्र में जाने से रोकने की जिम्मेदारी दी गयी है। चक्रवात के बाद जरूरी सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए पुलिस स्वास्थ्य, बिजली, लोक निर्माण और अन्य विभागों के साथ समन्वय कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित