भुवनेश्वर , अक्टूबर 27 -- ओडिशा तट की ओर चक्रवात 'अर्नब' के बढ़ने के मद्देनजर भुवनेश्वर स्थित नंदनकानन चिड़ियाघर और राज्य वनस्पति उद्यान ने वहां रहने वाले वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत पशु चिकित्सा संबंधी सामग्री, भोजन और सुरक्षित आश्रय स्थलों की व्यवस्था तैयार रखी गयी है।

नंदनकानन प्राणी उद्यान के अधिकारियों ने बताया कि 24 घंटे काम करने वाला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। आपात स्थिति से निपटने की तैयारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न रेंज में मॉक ड्रिल भी की गयी हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस, अग्निशमन सेवा, बिजली विभाग और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील ढांचों, पशुओं के बाड़ों, बिजली से जुड़े उपकरणों, सड़कों और जल निकासी प्रणालियों का निरीक्षण किया गया है तथा आवश्यक एहतियाती उपाय किए गए हैं।

पशु चिकित्सा संबंधी सुविधाओं को मजबूत किया गया है। जरूरी दवाइयों के साथ पशुओं के लिए पर्याप्त चारे और पीने के पानी का भंडार तैयार रखा गया है। जरूरत पड़ने पर पशुओं को सुरक्षित आश्रय स्थलों पर पहुंचाने के लिए आकस्मिक योजनाएं भी बनाई गयी हैं। बचाव दलों, आपातकालीन उपकरणों और संचार प्रणालियों को जरूरत पड़ने पर तत्काल इस्तेमाल के लिए तैयार रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बोट घाट पर तीन नावें भी तैयार रखी गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित