भुवनेश्वर , अप्रैल 14 -- ओडिशा सरकार ने बिजली वितरण कंपनियों को निर्देश दिये हैं कि भीषण गर्मी के महीनों के दौरान बिलों का भुगतान न होने के कारण घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली की आपूर्ति नहीं काटी जाये।
उपमुख्यमंत्री के. वी. सिंह देव, जिनके पास ऊर्जा विभाग भी है, ने घोषणा की कि इस वर्ष गर्मियों के दौरान मानसून आने तक किसी भी घरेलू उपभोक्ता को बिजली बिलों का भुगतान न करने पर बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा।
श्री देव ने स्पष्ट किया कि किसी भी वितरण कंपनी को बकाया बिलों के लिये अघोषित बिजली कटौती की अनुमति नहीं दी जायेगी। यदि आवश्यक हुआ, तो बिजली की कटौती केवल अनिवार्य मरम्मत और रखरखाव कार्य के लिये ही की जा सकेगी। ऐसी निर्धारित कटौती की सूचना पहले से ही एस.एम.एस. और सार्वजनिक घोषणा प्रणालियों के माध्यम से दी जानी चाहिये ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उपभोक्ताओं को उचित जानकारी मिल गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित