भुवनेश्वर , मई 14 -- चुनाव आयोग द्वारा शुरू किये गये राष्ट्रव्यापी मतदाता सूची सत्यापन अभियान के हिस्से के रूप में ओडिशा में एक जुलाई से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का तीसरा चरण शुरू होगा।

चुनाव आयोग ने ओडिशा सहित 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तीसरे चरण को शुरू करने का निर्देश दिया है और इसकी समय सारिणी जनगणना के लिए चल रही घरों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया के साथ तालमेल बिठाकर तय की गयी है।

आयोग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू- कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर पूरे देश में चरणों में मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जायेगा। खराब मौसम की स्थिति को देखते हुये, इन क्षेत्रों के लिए अलग कार्यक्रम बाद में जनगणना के दूसरे चरण के पूरा होने के बाद घोषित किये जाएंगे।

ओडिशा में, इस व्यापक पुनरीक्षण अभ्यास के दौरान लगभग 38,123 बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं के विवरण का घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। उन्हें राज्य भर में विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 27,723 बूथ स्तर के एजेंटों (बीएलए) द्वारा सहायता प्रदान की जायेगी।

चुनाव आयोग ने पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिये सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र के लिये एक बूथ स्तर का एजेंट नियुक्त करने का आग्रह किया है। आयोग ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दो चरणों में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 59 करोड़ मतदाताओं की मतदाता सूची को सफलतापूर्वक संशोधित किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित