भुवनेश्वर , मई 23 -- ओडिशा में उर्वरकों की कमी, जमाखोरी एवं कालाबाजारी की खबरों के बीच राज्य सरकार ने आश्वासन दिया है कि यहां पर्याप्त मात्रा में उर्वरक मौजूद हैं। अधिकारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद आपूर्ति स्थिर बनी हुई है।
एक आधिकारिक बयान में सरकार ने कहा है कि कृषि उर्वरकों की जमाखोरी, अवैध हेराफेरी एवं कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए कड़ाई से प्रयास किये जा रहे हैं।
कृषि एवं किसान सशक्तिकरण विभाग ने कहा कि ओडिशा को केंद्र सरकार से यूरिया, डीएपी, एसएसपी, एमओपी और मिश्रित उर्वरकों सहित प्रमुख उर्वरकों का मासिक आवंटन लगातार प्राप्त हो रहा है। मई के अंत तक आपूर्ति की स्थिति सुचारू बनी हुई है।
इसमें आगे कहा गया कि केंद्र से प्राप्त आवंटन की तुलना में पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसानों को उर्वरक की कीमतों में किसी भी बढ़ोत्तरी संबंधित अफवाहों पर घबराने की आवश्यकता नहीं है।
इसमें आगे कहा गया कि उर्वरक निर्माण कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे कुल उर्वरकों का 60 प्रतिशत ओडिशा राज्य सहकारी विपणन महासंघ लिमिटेड को प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों और बड़े क्षेत्र की बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के माध्यम से आपूर्ति करें ताकि प्रभावी एवं समान वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने जिला कलेक्टरों के साथ उर्वरक उपलब्धता पर एक समीक्षा बैठक की। अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय से ओडिशा को पर्याप्त उर्वरक आवंटन सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
उन्होंने आगे कहा कि किसानों के बीच सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं अनियमितताओं को रोकने के लिए पूरे राज्य में उर्वरक डीलर केंद्रों पर कड़े प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित