भुवनेश्वर , अक्टूबर 06 -- ओडिशा राज्य चुनाव आयोग ने 2027 के स्थानीय चुनावों के लिए मतदाता सूची को अद्यतन करने के सिलसिले में मतदाताओं की जानकारी की पुष्टि करने और कमियों को दूर करने के लिए 26 अक्टूबर से घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने की तैयारी शुरू कर दी है।

राज्य चुनाव आयुक्त मधुसूदन पाढ़ी ने मंगलवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की, जिसमें आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची तैयार करने पर चर्चा की गयी। इस सर्वेक्षण में मतदाताओं की जानकारी की पुष्टि की जाएगी और योग्य मतदाताओं को सूची में शामिल करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही अयोग्य, मृत या दूसरी जगह चले गये मतदाताओं की पहचान करके ज़रूरी कार्रवाई की जायेगी। राज्य चुनाव आयोग (सीईसी) ने कहा कि इस कवायद का मकसद मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और समावेशी बनाना है।

आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से कहा है कि वे राज्यभर के मतदान केंद्रों पर अपने बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) तैनात करें और सर्वेक्षण के दौरान उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। राजनीतिक दलों से कहा गया है कि वे 15 अक्टूबर तक अपने बीएलए की जानकारी संबंधित सहायक निर्वाचक पंजीयक अधिकारी (एईआरओ) को सौंप दें।

ग्रामीण इलाकों में बीएल की जानकारी संबंधित प्रखंड विकास अधिकारी को देनी होगी, जबकि शहरी इलाकों में इसे एनएसी और नगरपालिकाओं के कार्यकारी अधिकारी को सौंपा जाएगा। नगर निगमों में यह जानकारी उप या सहायक आयुक्त को देनी होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित