भुवनेश्वर , अक्टूबर 17 -- ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) के छात्र संगठन बीजू छात्र जनता दल (बीसीजेडी) ने हाल में राज्य में संपन्न छात्रसंघ चुनावों में अब तक परिणाम घोषित किए गए 286 कॉलेजों में से 173 में जीत दर्ज की है।

बीसीजेडी ने इसके अलावा पांच विश्वविद्यालयों में भी जीत हासिल की है। यह दावा शनिवार को बीजद अध्यक्ष और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने किया।

श्री पटनायक ने बताया कि जिन कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में चुनाव हुए थे, उनमें से बीसीजेडी ने 60 प्रतिशत से अधिक कॉलेजों और 50 प्रतिशत से अधिक विश्वविद्यालयों में जीत हासिल की है। उन्होंने इस शानदार जीत के लिए छात्रों को धन्यवाद दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के धन-बल के इस्तेमाल और भारी दबाव के बावजूद छात्रों ने बीजद के आदर्शों को कायम रखा।

श्री पटनायक के आवास 'नवीन निवास' पर दिनभर ओडिशा के विभिन्न हिस्सों से आए विजयी छात्र नेताओं का तांता लगा रहा। जीत के बाद बीसीजेडी नेताओं ने बीजद अध्यक्ष से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित