नयी दिल्ली , अप्रैल 30 -- ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को ओडिशा के रायगड़ा में 1698 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 827 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, जिससे राज्य की 898 बसावटों को बारहमासी सड़क संपर्क मिलेगा।

ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार श्री चौहान कल रायगड़ा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पीएमजीएसवाई-4 की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वह 1,701.84 किमी लंबी 827 सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के माध्यम से 898 ग्रामीण बसावटों को पहली बार सर्व-ऋतु सड़क संपर्क उपलब्ध होगा, जिससे स्कूल, अस्पताल, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही स्थानीय व्यापार, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री पीएमजीएसवाई-4 की स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री को सौंपेंगे और संयुक्त रूप से परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर लाभार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि और केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ओडिशा में अब तक 17,963 सड़कों और 707 पुलों को स्वीकृति दी जा चुकी है, जिनमें से अधिकांश परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। ऐसे में यह नया चरण राज्य में ग्रामीण संपर्क और बुनियादी ढांचे को और मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित