भुवनेश्वर , जुलाई 29 -- ओडिशा सरकार ने राज्य के डिजिटल ढांचे को मजबूत करने के लिए बुधवार को दो बड़े समझौतों पर दस्तखत किये जिसके तहत केंद्र सरकार भारतनेट के तीसरी चरण की परियोजना के जरिए ग्रामीण ओडिशा में तेज रफ्तार इंटरनेट (हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड) पहुंचाने के लिए 3,384 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश करेगी।
योजना के तहत राज्य की सभी 6,799 ग्राम पंचायतों को आधुनिक नेटवर्क तकनीक (आईपी-एमपीएलएस और रिंग टोपोलॉजी) से लैस किया जायेगा। इसके साथ ही गांवों के हर घर तक ऑप्टिकल फाइबर से इंटरनेट (एफटीटीएच) पहुंचाया जायेगा। अगले तीन सालों में पूरी होने वाली इस परियोजना से 50,000 से ज्यादा गांवों तक इंटरनेट पहुंच जायेगा। इस नए भारतनेट कार्यक्रम को लागू करने के लिए पहला समझौता डिजिटल भारत निधि (डीबीएन), दूरसंचार विभाग (डीओटी), बीएसएनएल और राज्य के इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी विभाग के बीच हुआ है।
अधिकारियों का कहना है कि इस योजना के जरिए ब्लॉक मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायतों तक केबल बिछायी जायेगी और फिर वहां से आम लोगों के घरों तक ब्रॉडबैंड कनेक्शन दिया जायेगा। डिजिटल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर डेटा केंद्र भी बनाये जायेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित