भुवनेश्वर , अक्टूबर 03 -- ओडिशा के राज्यपाल और कुलाधिपति हरि बाबू कम्भमपति ने शनिवार को विश्वविद्यालयों में खाली पड़े शिक्षकों के पदों को भरने के लिए नवंबर के आखिर तक की समय-सीमा तय की।

राज्यपाल ने कुलपतियों को निर्देश दिया कि वे महीने के पहले सप्ताह से ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दें। फैकल्टी भर्ती पर हुई एक बैठक में श्री कम्भमपति ने कहा कि राज्य के सरकारी विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति के बाद शिक्षकों के पदों को भरना अगली बड़ी चुनौती है। उन्होंने कुलपतियों को एक स्पष्ट समय-सीमा का पालन करने और नवंबर के आखिर तक भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने इसके साथ ही इस बात पर ज़ोर दिया कि फैकल्टी के चयन में योग्यता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

राज्यपाल ने यह भी सुझाव दिया कि प्रारंभिक चरण में बड़े पैमाने पर शॉर्टलिस्टिंग करने की बजाय सभी योग्य आवेदकों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाए। उन्होंने कहा कि इससे यह सुनिश्चित होगा कि कोई भी योग्य उम्मीदवार छूट न जाये और नियुक्ति पैनल को उम्मीदवारों का एक बड़ा पूल मिल सके। श्री कम्भमपति ने विश्वविद्यालयों से पर्यावरणीय प्रमाणीकरण हासिल करने, अपने परिसर में सौर ऊर्जा अपनाने और नवीनीकरण ऊर्जा सेवा कंपनी (आरईएससीओ) मॉडल पर विचार करने का भी आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित