भुवनेश्वर , जून 20 -- बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने राज्य के रायगढ़ा जिले में दिल्ली की एक छात्रा के साथ हुई बर्बरता और मारपीट की घटना पर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं और सरकार से तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक ने 'एक्स' पर सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा, "रायगड़ा के कल्याणसिंहपुर में दिल्ली की छात्रा के साथ हुई घिनौनी और वहशी घटना ने पूरे ओडिशा को हिलाकर रख दिया है, शर्मिंदा कर दिया है और चिंता में डाल दिया है। मैं उस छात्रा के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं, जो ऐसी भयानक स्थिति का सामना कर रही है।"नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा, "छात्रा के खिलाफ सामूहिक रूप से दिनदहाड़े की गयी इस भयानक और नारकीय घटना ने इंसानियत और हमारी प्रतिष्ठा पर गहरे सवाल खड़े कर दिये हैं। इस तरह की घटनाओं से पूरे राज्य में गुस्सा है, वहीं सरकार को तुरंत कार्रवाई करना चाहिए। ओडिशा की छवि खराब क्यों होने दी गयी? क्या यह सरकार और पुलिस प्रशासन इतना लाचार है? क्या सबकी सुरक्षा पक्का करना इस सरकार की जिम्मेदारी नहीं है? क्या इतनी संवेदनशील घटना पर सरकार की यह संवेदनहीनता और रहस्यमयी चुप्पी ऐसी जघन्य वारदातों को बढ़ावा नहीं देती?"उन्होंने सरकार के जश्न पर भी तंज कसा और कहा कि जहां ओडिशा की महिलाओं पर अत्याचार और कानून-व्यवस्था की कमी के लिए दुनिया भर में बदनामी हो रही है, वहीं वे किस मुंह से 'पूरे ओडिशा में विकास की धारा बह रही है' का जश्न मना रहे हैं। सरकार को माताओं-बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुरंत सख्त से सख्त कदम उठाने चाहिए।
गौरतलब है कि यह पूरी घटना 16 जून की है, जब ओडिशा से बाहर के दो एनजीओ कार्यकर्ता दारिंगबाड़ी से पड़ोसी कालाहांडी जिले के थुआमुल रामपुर ब्लॉक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रायगढ़ा के कल्याणसिंहपुर इलाके में स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक लिया। स्थानीय ग्रामीणों को उन पर बच्चा चोरी का संदेह था, जिसके बाद भीड़ ने उग्र होकर उनके साथ छेड़छाड़ की और हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार मामला दर्ज होने के बाद घटना की जांच तेजी से की जा रही है और इस सिलसिले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित