जगदलपुर , सितम्बर 26 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में भारी बारिश के बीच ओडिशा के खातिगुड़ा डैम और मुरान बांध से पानी छोड़े जाने के बाद कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। जगदलपुर शहर के साथ ही आसपास के दर्जनों गांवों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
नगरनार क्षेत्र के बेलगांव में शुक्रवार दोपहर से लगातार जलस्तर बढ़ने के कारण कई मकान पानी में डूब गए हैं। हालात बिगड़ने के बाद कई ग्रामीण जान बचाने के लिए अपने घरों की छतों पर शरण लेने को मजबूर हैं।
बेलगांव के ग्रामीणों ने बाढ़ के बीच वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। वीडियो में महिलाएं और अन्य ग्रामीण घरों की छतों पर दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा है और घरों में रखा सामान भी पानी की चपेट में आ गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित