भुवनेश्वर , जुलाई 26 -- मौसम विभाग ने ओडिशा में सोमवार को भारी बारिश का अनुमान जताते हुए छह जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में गहरे दबाव में बदल सकता है। इसके बाद यह सोमवार को ओडिशा के पारादीप और पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप के बीच तट से टकराएगा। इसके असर से राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने इस प्रणाली के प्रभाव से कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ इलाकों में अत्यधिक मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, अंगुल और ढेंकनाल जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों को संभावित स्थानीय बाढ़ और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बालासोर, भद्रक, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, क्योंझर, मयूरभंज, सुवर्णपुर, बौद्ध, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कंधमाल, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ के लिए एक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहाँ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, अंगुल, ढेंकनाल, क्योंझर और मयूरभंज में छिटपुट स्थानों पर बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ आंधी आने की भी उम्मीद है।
नवरंगपुर, रायगढ़, कोरापुट, मलकानगिरी, गजपति और गंजम के लिए एलो अलर्ट जारी है, जहाँ छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी, पश्चिमी और तटीय ओडिशा के कई जिलों में बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ आंधी आने का भी पूर्वानुमान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित