भुवनेश्वर , मई 19 -- ओडिशा में सतर्कता विभाग ने सड़क एवं आवास (आरएंडबी) विभाग के एक इंजीनियर के आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक करोड़ों रुपये की संपत्ति जुटाने के आरोप में मंगलवार सुबह छह ठिकानों पर छापमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
सूत्रों ने बताया कि कलामंडी जिले के भवानीपटना आरएंडबी डिवीजन के सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) और वर्तमान में भवानीपटना आरएंडबी डिवीजन के प्रभारी कार्यकारी अभियंता भुवनेश्व साबर से जुड़े छह ठिकानों पर मंगलवार को एक साथ तलाशी ली गयी। ये छापे भवानीपटना के विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस) के जारी सर्च वारंट के आधार पर ओडिशा विजिलेंस ने मारे।
छह डीएसपी, आठ इंस्पेक्टरों और सहायक कर्मचारियों के नेतृत्व में की गयी तलाशी में साबर और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर भारी मात्रा में चल-अचल संपत्ति का पता चला है। विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि अब तक मिली संपत्तियों की कीमत कई करोड़ रुपये होने की संभावना है।
बरामद की गयी मुख्य संपत्तियों में चार बहुमंजिला इमारतें, नौ एकड़ में फैला एक फार्महाउस, आठ केबिनों वाला एक मार्केट कॉम्प्लेक्स और कालाहांडी जिले के विभिन्न हिस्सों में लगभग 39.64 एकड़ के 33 भूखंड (प्लॉट) शामिल हैं। इन संपत्तियों में भवानीपटना शहर के गोसानीमुंडा में 4,500 वर्ग फुट की एक दोमंजिला इमारत, कोकसरा के कुसुमखुंटी में 2,625 वर्ग फुट की एक अन्य इमारत और मोटर छक और कुसुमखुंटी में दो निर्माणाधीन दोमंजिला इमारतें शामिल हैं। विजिलेंस अधिकारियों को मोटर छक में एक मार्केट कॉम्प्लेक्स और भवानीपटना के पास कितपादर में एक विशाल फार्महाउस भी मिला है। जांचकर्ताओं ने भवानीपटना, कोकसरा, द्वारसुनी, कितपादर, तालाबेलागांव और कुटेनपादर में और उसके आसपास स्थित 33 भूमि भूखंडों का भी पता लगाया है। इन संपत्तियों की माप और मूल्यांकन का काम विजिलेंस की तकनीकी शाखा कर रही है।
अधिकारियों को एक हुंडई क्रेटा गाड़ी भी मिली है, जबकि बैंक जमा, डाकघर बचत और वित्तीय साधनों में किये गये निवेश के विवरण का सत्यापन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित