भुवनेश्वर , जुलाई 13 -- ओडिशा के बालेश्वर, अनुगुल और संबलपुर जिला अदालत परिसरों में सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद दहशत फैल गयी, जिससे परिसरों को तुरंत खाली कराया गया और पुलिस व बम निरोधक दस्तों ने व्यापक तलाशी ली।

बालेश्वर में दोपहर को जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कार्यालय में दक्षिण भारतीय भाषा में लिखा धमकी भरा ईमेल मिला।

ईमेल में जजशिप परिसर के अंदर विस्फोट करने की चेतावनी दी गयी थी, जिससे अधिवक्ताओं, अदालत कर्मचारियों और आगंतुकों के बीच हड़कंप मच गया।

एहतियात के तौर पर अदालती कार्रवाई तुरंत रोक दी गयी और परिसर को खाली करा लिया गया।

सहदेवखुंटा पुलिस तुरंत अदालत परिसर पहुंची, इलाके की घेराबंदी की और आवाजाही पर रोक लगा दी।

विस्फोटक या अन्य संदिग्ध वस्तुओं की व्यापक तलाशी लेने के लिए श्वान दस्तों और बम निरोधक दस्तों को तैनात किया गया।

शुरुआती जानकारी से संकेत मिला कि धमकी भरा ईमेल लखनऊ से भेजा गया था और उसमें जिलेटिन विस्फोटकों का इस्तेमाल कर जजशिप परिसर को उड़ाने का दावा किया गया था।

किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए अदालत परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रखा गया।

अधिकारियों ने कहा कि न्यायिक अधिकारियों, अदालत कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए।

पुलिस ने ईमेल के स्रोत का पता लगाने और धमकी की सत्यता की जांच की। लेकिन बालेश्वर अदालत परिसर में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

सूत्रों ने बताया कि अनुगुल और संबलपुर जिला अदालतों को भी सोमवार को बम से उड़ाने के ऐसे ही ईमेल मिले, जिससे अदालत के कर्मचारियों और परिसर में मौजूद अन्य लोगों में दहशत फैल गयी थी।

पुलिस ने तेजी से दोनों अदालत परिसरों को खाली कराया और बम निरोधक दस्तों के साथ व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिस ने कहा कि उन दोनों परिसरों में से किसी से भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित