भुवनेश्वर , जून 15 -- ओडिशा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान ने महत्वपूर्ण चरण पार कर लिया है और राज्य के 99.14 प्रतिशत मतदाताओं, यानी 3.31 करोड़ से अधिक लोगों तक गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) पहुंचाए जा चुके हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के अनुसार, 15 जून को शाम छह बजे तक 3.31 करोड़ से अधिक मतदाताओं को प्रपत्र वितरित किये जा चुके थे। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाये जा रहे इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है।
प्रपत्र वितरण का काम लगभग पूरा होने के बाद अब प्रशासन का ध्यान डिजिटलीकरण पर केंद्रित है। अब तक 1.43 करोड़ मतदाताओं से संबंधित 42.86 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है। अधिकारियों ने आने वाले दिनों में इस प्रक्रिया में और तेजी लाने की बात कही है।
प्रपत्रों के डिजिटलीकरण और सत्यापन के बाद मृत, स्थानांतरित तथा अन्य अयोग्य मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले हटाये जाएंगे।
बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को 28 जून 2026 तक प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटलीकरण का काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है। मतदाताओं से भी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने प्रपत्र जमा कर बीएलओ का सहयोग करने की अपील की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित