भुवनेश्वर , सितंबर 16 -- ओडिशा के शिक्षा क्षेत्र में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर नवनिर्माण कृषक संगठन की छात्र इकाई 'नवनिर्माण युवा छात्र संगठन' 22 सितंबर को राज्य विधानसभा का घेराव करेगी।
इसके अलावा संगठन ने आंदोलन के तहत 18 सितंबर को सभी जिलाधिकारी कार्यालयों के घेराव की भी घोषणा की है। संगठन विद्यालय एवं जनशिक्षा मंत्री नित्यानंद गंडा के इस्तीफे की भी मांग कर रहा है। संगठन के संस्थापक अक्षय कुमार ने बुधवार को बताया कि शिक्षा व्यवस्था में जारी अनियमितताओं और कुप्रबंधन के खिलाफ उनका संगठन पिछले 28 दिनों से सत्याग्रह कर रहा है।
अक्षय कुमार स्वयं पिछले 12 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं, जबकि राज्य समन्वयक एमडी मनवर अली ने भी इस सत्याग्रह का मोर्चा संभाला हुआ है। श्री कुमार ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य सरकार महात्मा गांधी के अहिंसक सत्याग्रह के महत्व को समझने में विफल रही है और सार्वजनिक मुद्दों के प्रति उदासीन बनी हुई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार सार्थक बातचीत के लिए आगे नहीं आती है, तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी। इस बीच जगतसिंहपुर और केंद्रपाड़ा जिलों के कई किसान नेताओं ने भूख हड़ताल को अपना समर्थन दिया है और 22 सितंबर के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित