भुवनेश्वर , मई 05 -- भारत में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के रेजिडेंट को-ऑर्डिनेटर स्टीफन प्रिसनर ने आज यहां लोक सेवा भवन में ओडिशा के उप मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव से मुलाकात की। इस दौरान कृषि, पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के रास्तों पर चर्चा की गयी।
इस बैठक में अन्य लोगों के अलावा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (ऊर्जा) विशाल कुमार देव और कृषि एवं किसान अधिकारिता विभाग के आयुक्त-सह-सचिव सचिन रामचंद्र जाधव भी शामिल हुए।
चर्चा के दौरान, सिंह देव ने 'आत्मनिर्भर भारत' की परिकल्पना में ओडिशा के योगदान पर कहा कि राज्य कृषि, उद्योग और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कृषि राज्य की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है, जिसका मुख्य ध्यान किसानों की आय बढ़ाने, जलवायु-अनुकूल पद्धतियों को बढ़ावा देने और मूल्य शृंखलाओं को मजबूत करने पर है।
इस बातचीत में पर्यटन और विरासत संरक्षण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इसमें राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और आदिवासी परंपराओं को सहेजने के साथ-साथ रानीपुर-झरियाल और हरिशंकर मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों के आसपास टिकाऊ पर्यटन विकसित करने पर जोर दिया गया।
दोनों पक्षों ने नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रामीण आजीविका और सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने जैसे क्षेत्रों में ओडिशा सरकार और संयुक्त राष्ट्र भारत के बीच गहरे सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित