भुवनेश्वर , मई 11 -- ओडिशा के खोरधा जिले के बलियंता में जीआरपी कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वैन की भीड़ के हाथों हुई हत्या के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित और बलियंता पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार परिदा का तबादला कर दिया गया है।

श्री परिदा की तैनाती भुवनेश्वर में शहरी पुलिस जिला मुख्यालय में हुई है। रश्मिता बहरा को बलियंता पुलिस स्टेशन का नया आईआईसी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा घटना के संबंध में दो होम गार्ड को नोटिस भी भेजे गये हैं। मामले की जांच राज्य की अपराध शाखा को सौंप दी गयी है। निलंबित पुलिसकर्मियों में एक उप-निरीक्षक, एक सह उप-निरीक्षक, एक ओडिशा सहायक पुलिस बल कर्मी और एक कांस्टेबल शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि सात मई को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में बलियंता पुलिस सीमा के अंतर्गत रामचंद्रपुर के पास 32 वर्षीय सौम्य रंजन स्वैन को कथित तौर पर भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भीड़ ने स्वैन पर तब हमला किया जब दो लड़कियों ने उन पर और उनके साथी पर आरोप लगाया कि जब वे दो-पहिया वाहन से एक रिश्तेदार के घर जा रही थीं, तो उन्होंने उनके साथ बदसलूकी की और गाली-गलौज की। कथित तौर पर, गुस्साए ग्रामीणों ने कानून उन पर यह जानलेवा हमला किया। श्री स्वैन को हमले के बाद पहले बालाकाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल में शिफ़्ट कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अब तक पुलिस ने लिंचिंग के सिलसिले में 11 लोगों को गिरफ़्तार किया है और इस अपराध में कथित तौर पर शामिल और भी ग्रामीणों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित