भुवनेश्वर , सितंबर 04 -- आगामी रबी सीजन की शुरुआत से पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को राज्य के किसानों के लिए कुल 1,833 करोड़ रुपये के वित्तीय सहायता पैकेज की घोषणा की।
इसके तहत बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए 1,000 करोड़ रुपये के विशेष सहायता पैकेज और 'सीएम-किसान' योजना की पांचवीं किश्त के रूप में 833 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी से किसानों के खातों में हस्तांतरित की गई।
'सीएम-किसान' योजना के अंतर्गत जारी राशि का लाभ 41.35 लाख छोटे व सीमांत किसानों और 13,949 भूमिहीन कृषि परिवारों को मिलेगा। यह राशि सीधे बैंक खातों में भेजी गई है, जिससे किसानों को रबी फसल के लिए बीज, उर्वरक और कीटनाशक जैसे इनपुट खरीदने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री माझी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मयूरभंज, क्योंझर, बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा और सुंदरगढ़ जिलों में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए एक हजार करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की। राजस्व और कृषि विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा फसल नुकसान के आकलन के आधार पर मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा की 60 प्रतिशत से अधिक आबादी कृषि पर निर्भर है और उनकी सरकार का लक्ष्य किसान परिवारों की वार्षिक आय को दोगुना करना है। राज्य के लगभग 92 प्रतिशत किसान छोटे और सीमांत वर्ग के हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित