भुवनेश्वर , जून 29 -- ओडिशा में विपक्षी दल बीजू जनता दल (बीजद) ने 10 सदस्यीय तथ्यान्वेषी समिति का गठन किया है जो राज्य के मयूरभंज जिले के बेतनती का दौरा कर वहां 39 वर्षीय विवाहिता से दुष्कर्म और उसकी हत्या मामले में जानकारी जुटायेगी।समिति का नेतृत्व मयूरभंज जिला परिषद की अध्यक्ष भारती हांसदा करेंगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह प्रतिनिधिमंडल प्रभावित इलाके का दौरा कर वहां जमीनी स्थिति का जायजा लेगा, पीड़ित परिवार से मिलेगा, स्थानीय निवासियों से बात करेगा और पुलिस प्रशासन से चर्चा करेगा।
साथ ही यह समिति अधिकारियों से दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए प्रयास तेज करने का मांग करेगी। समिति का मकसद मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित कराना और कानून-व्यवस्था और जन सुरक्षा में जनता का भरोसा बहाल करना है।
पार्टी ने जानकारी साझा की है कि महिला शुक्रवार सुबह पास के बाजार गयी थी, लेकिन घर नहीं लौटी। बाद में वह गंभीर हालत में मिली। उसे बारीपदा के जिला मुख्य अस्पताल (डीएचएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि उनके साथ यौन उत्पीड़न और गंभीर मारपीट की गयी थी। पीड़िता के पति ने दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करायी है।
बीजद ने आरोप लगाया कि इस घटना से जनता में भारी आक्रोश है और राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति पर एक बार फिर चिंता बढ़ गयी है।
मामले की गंभीरता और बढ़ती जन-चिंता को देखते हुए श्री पटनायक ने इस समिति का गठन किया है। उन्होंने टीम को दौरा पूरा करने के बाद रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
समिति के अन्य सदस्यों में सुश्री रंजीता मरांडी, सुश्री प्रीतिनंदा कानूनगो (अंचल अध्यक्ष, बीजू महिला जनता दल), सुश्री अनुसूया पात्रा (उपाध्यक्ष, बारीपदा नगरपालिका), सुश्री सीमा दास (पूर्व अध्यक्ष, मयूरभंज बीजू महिला जनता दल), सुश्री दीप्तिलता मिश्रा, सुश्री सबिता बेहरा और सुश्री श्रावणी दास (सचिव, बीजू महिला जनता दल), पूर्व जिला अध्यक्ष बीनापानी साहू और मयूरभंज जिला परिषद सदस्य धनी किस्कु शामिल हैं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि दौरे में स्थानीय पार्टी नेता भी इस प्रतिनिधिमंडल के साथ रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित