नैनीताल , अगस्त 25 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के तल्ला ओखलकांडा गांव में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 22 अगस्त को थाना खनस्यूं पुलिस को सूचना मिली कि भीम सिंह ने अपनी पत्नी डिक्री देवी की पीट पीट कर हत्या कर दी है और घटना के बाद बच्चों को धमकाकर फरार हो गया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने चारों बच्चों की मौजूदगी में पत्नी को डंडे से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर पर थाना खनस्यूं में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही खनस्यूं पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। फरार आरोपी की तलाश में थानाध्यक्ष अनीस अहमद के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। आरोपी को बीती देर रात को काठगोदाम के पास वडियाड लूगड़ से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है और बताया कि वह शराब के नशे में था और अवैध संबंध के शक में उसने मारपीट की, जिससे उसकी पत्नी की मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित