धार , जुलाई 12 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के धरमपुरी थाना क्षेत्र में ग्राम शाहपुरा काकड़दा के पास ओंकारेश्वर नहर में एक युवक मृत और एक युवती गंभीर घायल अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्रामीणों ने रविवार को नहर में एक युवती को तड़पते हुए देखा। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की सहायता से धरमपुरी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल युवती की पहचान रीना, निवासी मानपुर, के रूप में हुई है। इसी दौरान नहर में कुछ दूरी पर गणेश उर्फ छोटू, निवासी शाहपुरा काकड़दा, का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार युवक और युवती के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना स्थल से मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों बाइक सहित नहर में कैसे पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही धरमपुरी थाना प्रभारी सरदार सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सड़क दुर्घटना, हमले अथवा अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा घायल युवती के बयान के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित