कैनबरा , मार्च 20 -- ऑस्ट्रेलिया में भारत के बाहर भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े राष्ट्रीय उत्सव 'नेशनल इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ ऑस्ट्रेलिया' (एनआईएफएफए) 2026 में इस बार दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर, निर्देशक अनुभव सिन्हा और लीना यादव को सम्मानित किया जायेगा।
खेर को 'इंटरनेशनल इंडियन सिनेमा आइकन अवॉर्ड' दिया जायेगा तो सिन्हा और यादव को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा।
अनुपम खेर ने मिलने वाले सम्मान पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया उनके दिल के बेहद करीब है और वह वहां के लोगों में भारतीय कहानियों के प्रति वास्तविक जिज्ञासा देखते हैं।
महोत्सव में उनकी निर्देशित फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' की विशेष स्क्रीनिंग भी होगी, जो ऑटिज्म (विकलांगता) जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित है। इस दौरान फिल्म की मुख्य अभिनेत्री शुभांगी दत्त भी मौजूद रहेंगी।
इस साल महोत्सव में पंजाबी सिनेमा पर खास जोर दिया गया है। इसके लिए 'पीटीसी नेटवर्क' की सीईओ राजी शिन्दे के नेतृत्व में फिल्म निर्माताओं और उद्योग जगत के दिग्गजों का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ऑस्ट्रेलिया पहुंचा है। महोत्सव के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन पंजाबी फिल्मों के सह-निर्माण की घोषणा भी की जायेगी।
इसके अलावा, भारतीय दर्शकों के बीच लोकप्रिय शॉर्ट फिल्मों और माइक्रो ड्रामा पर 'पॉकेट फिल्म्स' के सीईओ समीर मोदी मास्टरक्लास भी लेंगे।
मेलबर्न के प्रसिद्ध फेडरेशन स्क्वायर पर 22 मार्च को रात 8 बजे एक मुफ्त सार्वजनिक स्क्रीनिंग का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस भारतीय उत्सव का हिस्सा बन सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित