सिडनी , जनवरी 22 -- ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य में गुरुवार शाम हुई अंधाधुंध गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गयी और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
सिडनी से लगभग 611 किलोमीटर पश्चिम में स्थित छोटे से कस्बे 'लेक कारजेलिगो' में हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। पुलिस ने हमलावर के अभी भी फरार होने की पुष्टि की है, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से पूरे कस्बे में 'लॉकडाउन' जैसी स्थिति पैदा हो गयी है और निवासियों को घरों के भीतर रहने की सख्त हिदायत दी गयी है।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब 4:20 बजे (स्थानीय समयानुसार) शुरू हुई, जब वाकर स्ट्रीट के पास गोलियां चलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को एक वाहन के भीतर एक पुरुष और एक महिला के शव मिले। इसके कुछ ही देर बाद, एक अन्य स्थान पर हुई दूसरी गोलीबारी में एक और महिला की मौत हो गयी, जबकि एक पुरुष गंभीर रूप से घायल पाया गया। घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर लेकिन चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने हमलावर की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए सिडनी से विशेष 'टैक्टिकल ऑपरेशंस यूनिट' के कमांडो विमान से मौके पर भेजे गये हैं।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला 'घरेलू हिंसा' का लग रहा है। बताया जा रहा है कि मृतकों में से एक महिला हमलावर की पूर्व साथी थी। पुलिस सहायक आयुक्त एंड्रयू हॉलैंड ने अभी तक आधिकारिक तौर पर हमले के पीछे के किसी निश्चित उद्देश्य की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि एक छोटे ग्रामीण कस्बे में इस तरह की हिंसक घटना से लोग बेहद डरे हुए हैं और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ आरोपी की तलाश कर रही है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ऑस्ट्रेलिया में बंदूक संस्कृति को लेकर पहले से ही काफी संवेदनशीलता बनी हुई है। विशेष रूप से 14 दिसंबर को सिडनी के 'बोंडी बीच' पर हुए आतंकवादी हमले के बाद से न्यू साउथ वेल्स पुलिस 'हाई अलर्ट' पर है।
उल्लेखनीय है कि इस ताजा हमले से ठीक दो दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया की संघीय संसद ने बंदूकों की खरीद-बिक्री और लाइसेंसिंग की जांच को और सख्त करने के लिए नये कानून पारित किये थे।
पुलिस ने घटना के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों से जानकारी जुटाने के लिए अपील जारी की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित