नार्थ सिडनी , अक्टूबर 18 -- एलिस पेरी (52) और बेथ मूनी (38) रनों की शानदार पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने रविवार को पहले टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को सात गेंदें शेष रहते दो विकेट से हरा दिया। जॉर्जिया प्लिमर को उनकी बेहतरीन (नाबाद 85) रनों की पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया।

आज यहां ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने जॉर्जिया प्लिमर (नाबाद 85) और मैडी ग्रीन (56) की शानदार पारियो की मदद से निर्धारित 20 ओवरों में दो विकेट पर 162 रनों का स्कोर बनाया। फ्लोरा डेवोनशायर (एक) और कप्तान मेली केर (नौ) रन बनाकर आउट हुई।

इसके बाद 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में जॉर्जिया वॉल (शून्य) का विकेट खो दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी एलिस पेरी ने बेथ मूनी के साथ पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 85 रन जोड़े। नौवें ओवर में बेथ मूनी (38) के रनआउट होने से यह साझेदारी टूटी। 11वें ओवर में एलिस पेरी भी आउट हो गई। एलिस पेरी ने 30 गेंदों में नौ चौके लगाते हुए (52) रनों पारी खेली। इसके बाद एश्ले गार्डनर भी 17 गेंदों में (23) रन जॉर्जिया वेयरहैम (10) रन बनाकर आउट हुई। ऑस्ट्रेलिया ने 18.5 ओवरों में आठ विकेट पर 165 रन बनाकर मुकाबला दो विकेट से अपने नाम कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित