डार्विन , अगस्त 16 -- मेहदी हसन मिराज (पांच विकेट) और हसन महमूद (तीन विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत बंगलादेश ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को नौ विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इसी के साथ बंगलादेश ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। यह ऑस्ट्रेलिया की धरती पर बंगलादेश की पहली टेस्ट जीत है। बंगलादेश ने टेस्ट में दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया को हराने का कारनामा किया है।

ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 161 रन से आगे खेलना शुरु किया। आज सुबह के सत्र में मेहदी हसन मिराज ने एलेक्स कैरी (30) को आउट कर बंगलादेश को पांचवीं सफलता दिलाई। इसके बाद आने वाले बल्लेबाज थोड़ा संघर्ष करने के बाद अपने-अपने विकेट गवांते रहे। हालांकि इस दौरान कैमरन ग्रीन एक छोर थामे रन बनाते रहे। इस दौरन उन्होंने अपने शतक पूरा किया। बो वेब्स्टर (पांच), कप्तान पैट कमिंस (आठ), मिचेल स्टार्क (18) रन बनाकर आउट हुये। 93वें ओवर में मिराज ने शतक बना चुके कैमरन ग्रीन को आउट किया। कैमरन ग्रीन ने 201 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 104 रनों की पारी खेली। इसके बाद 96वें ओवर में मिराज ने नेथन लॉयन (15) रन को पगबाधा आउटकर ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी का 284 रनों के स्कोर पर अंत कर दिया।

बंगलादेश को जीत के लिए 57 रनों का लक्ष्य मिला। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश ने 14.2 ओवरों में एक विकेट गवांकर 57 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। एकमात्र आउट होने वाले बल्लेबाज तंजिद हसन (शून्य) रहे। उन्हें जॉश हेजलवुड ने बोल्ड आउट किया। शादमान इस्लाम (25) और मोमिनुल हक (30) रन बनाकर नाबाद रहे।

बंगलादेश की ओर से मेहदी हसन मिराज ने पांच विकेट लिये। वहीं हसन महमूद ने दोनों पारियों में कुल नौ विकेट लिये और उन्होंने 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया।

यह जीत बांग्लादेश के लिए एक बहुत बड़ा पल है, खासकर ऐसे साल में जब उन्होंने राजनीतिक कारणों से टी-20 विश्व कप में हिस्सा नहीं लिया था। हालांकि, मार्च के बाद से उन्होंने काफी जीत हासिल की हैं, और यह बड़ी टेस्ट जीत उसी का नतीजा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित