विजयवाड़ा , अगस्त 02 -- आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन चन्द्रबाबू नायडू से ऑस्ट्रेलिया के सहायक मंत्री जूलियन हिल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को यहां के पास उंडावल्ली स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान आंध्र प्रदेश में तेज़ी से हो रहे आर्थिक बदलाव, विकास की पहलों और निवेश, नवाचारों एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए राज्य में मौजूद बड़े मौकों पर ज़ोर दिया।

उन्होंने श्री जूलियन हिल को पारंपरिक शॉल भेंटकर सम्मानित किया और उन्हें अराकू कॉफी व एक यादगार स्मृति-चिह्न भी दिया।

गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक सहयोग का एक नया दौर शुरू हुआ है। इसके तहत स्वच्छ ऊर्जा , उन्नत विर्निमाण , समावेशी शिक्षा, छात्रों की मानसिक सेहत और कौशल विकास से जुड़े चार समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

इन समझौतों पर आंध्र प्रदेश के आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश और श्री जूलियन हिल की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित