नयी दिल्ली , जुलाई 09 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर-जनरल सुश्री सैम मॉस्टिन ए सी से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के बढ़ते दायरे और विविधता पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ती आर्थिक साझेदारी का स्वागत किया और भरोसा जताया कि व्यापार, निवेश, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में बढ़ते आपसी संबंधों से नए अवसर पैदा होंगे और दोनों देशों के लोगों को ठोस लाभ मिलेगा। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच बढ़ते खेल संबंधों पर भी संतोष व्यक्त किया और भारत में होने वाले राष्ट्रमंडल खेल 2030 तथा ऑस्ट्रेलिया में होने वाले ओलंपिक 2032 की तैयारियों के दौरान और अधिक सहयोग की बात कही।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच जीवंत संबंध इस रिश्ते की मजबूती का आधार बने हुए हैं। उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को आगे बढ़ाने में गवर्नर-जनरल मॉस्टिन के निरंतर सहयोग की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित