कैनबरा , मई 28 -- ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक और सैन्य सहयोग को गहरा करने के उद्देश्य से अगले सप्ताह भारत का दौरा करेंगे। इस दौरान वे भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ द्वितीय 'ऑस्ट्रेलिया-भारत रक्षा मंत्रियों की वार्ता' में भाग लेंगे।

श्री रिचर्ड मार्ल्स ने अपनी इस आगामी यात्रा को बारे में कहा, "हम विशेष रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए अपने राजनयिक और रक्षा संबंधों को गहरा करने के प्रति प्रतिबद्ध हैं। ऑस्ट्रेलिया और भारत शीर्ष स्तर के सुरक्षा भागीदार हैं। पिछले साल श्री सिंह की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान मजबूत हुई प्रगति के बाद, मैं इस साझेदारी को और आगे ले जाने के लिए उनसे मुलाकात करने के लिए उत्सुक हूं।"अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच यह यात्रा भारत एवं आस्ट्रेलिया के बीच लगातार बढ़ते रक्षा संबंधों को दर्शाती है। यह वार्ता पिछले साल अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित पहली भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा मंत्रियों की बैठक के बाद हो रही है। इस बार सर्वश्री सिंह और मार्ल्स के बीच होने वाली बातचीत मुख्य रूप से परिचालन सहयोग, रक्षा उद्योग सहयोग, समुद्री सुरक्षा और साझा क्षेत्रीय प्राथमिकताओं पर केंद्रित रहने की उम्मीद है।

भारत आने से पहले, श्री मार्ल्स सिंगापुर में 29 से 31 मई तक आयोजित होने वाले 23वें 'शांगरी-ला डायलॉग' में हिस्सा लेंगे। यह हिंद-प्रशांत और उसके बाहर के सैन्य एवं रणनीतिक नेताओं को एक मंच पर लाने वाला क्षेत्र का एक प्रमुख रक्षा और सुरक्षा मंच है।

सिंगापुर शिखर सम्मेलन के दौरान, श्री मार्ल्स तीसरे पूर्ण सत्र में "एशिया के समुद्री सुरक्षा विकार" विषय पर संबोधित करेंगे, जिसमें वे बढ़ती समुद्री सुरक्षा चुनौतियों और अधिक क्षेत्रीय सहयोग की आवश्यकता पर ध्यान केंद्रित करेंगे। इसके अलावा, शांगरी-ला डायलॉग के इतर श्री मार्ल्स के कई देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने का भी कार्यक्रम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित