सिडनी , जून 08 -- ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु, एचएस प्रणय और आयुष शेट्टी मंगलवार से शुरु हो रहे ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में 24 सदस्यीय भारतीय शटलर टीम की अगुवाई करेंगे। पिछले साल पुरुष एकल का खिताब जीतने वाले लक्ष्य सेन और पूर्व चैंपियन किदांबी श्रीकांत भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे।सिडनी के ओलंपिक बुलेवार्ड स्थित क्वेसेंटर में महिला एकल ड्रॉ में सिंधु आठ खिलाड़ियों की बड़ी टीम का अगुवाई करेंगी। मालविका बंसोद, अनमोल खरब, तन्वी शर्मा, इशरानी बरुआ, आकर्षी कश्यप और तान्या हेमनाथ भी मेन ड्रॉ में शामिल हैं, जबकि इमाद फारूकी सामिया क्वालिफायर से शुरुआत करेंगी।
ऑस्ट्रेलिया बैडमिंटन ओपन में महिला युगल में कोई भी भारतीय जोड़ी शामिल नहीं है।
एशियाई खेलों के चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी सिडनी में पुरुष युगल ड्रॉ का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि पिछले हफ्ते इंडोनेशिया ओपन के दौरान सात्विक के कंधे में चोट लग गई थी।
एमआर अर्जुन और हरिहरन अमसाकरुणन जकार्ता में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने के बाद उस कमी को पूरा करने और अपनी अच्छी फॉर्म को जारी रखने की कोशिश करेंगे। अच्युतादित्य राव डोड्डावरपु और अर्जुन रेड्डी पोचाना ऑर्लियंस मास्टर्स के बाद इस साल अपने दूसरे बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर बैडमिंटन इवेंट में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित