नयी दिल्ली , जून 05 -- सार्वजनिक क्षेत्र की तेल अन्वेषण कंपनी ऑयल इंडिया को अंडमान द्वीप के पास समुद्र में प्राकृतिक गैस के नये भंडार मिले हैं।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि ऑयल इंडिया लिमिटेड द्वारा अन्वेषण के उद्देश्य से खोदे गये कुएं श्री विजयपुरम-3 में प्राकृतिक गैस की उपस्थिति पायी गयी है। यह कुआं अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से 15 किलोमीटर दूर और समुद्र के अंदर 355 मीटर की गहराई वाले क्षेत्र में स्थित है।
उन्होंने बताया कि इयोसीन संरचना में 1,900 मीटर से अधिक गहराई पर किये गये प्रारंभिक उत्पादन परीक्षणों ने सतत गैस फ्लेयरिंग के माध्यम से प्राकृतिक गैस की उपस्थिति की पुष्टि की है।
ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भरता की तलाश में जुटे देश के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। इस उपलब्धि पर ऑयल इंडिया को बधाई देते हुए श्री पुरी ने लिखा, "अंडमान सागर में ऊर्जा के अवसरों का एक नया भंडार सुदृढ़ हुआ है!"केंद्रीय मंत्री ने बताया कि कंपनी गैस के नमूने एकत्र कर रही है ताकि उसकी संरचना और ऊष्मीय मान का आकलन किया जा सके तथा समस्थानिक अध्ययन के माध्यम से गैस की उत्पत्ति को समझा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित