हरिद्वार , अक्टूबर, 19 -- उत्तराखंड में ऑपरेशन स्माइल के तहत पिरान कलियर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दरगाह क्षेत्र से गुम हुए तीन वर्षीय मासूम को सकुशल बरामद कर सोमवार को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को रुड़की कोतवाली क्षेत्र के टोडा एतमाल निवासी आमिर खान ने कोतवाली पिरान कलियर में सूचना दी कि उनका तीन वर्षीय पुत्र मोहम्मद शेख दरगाह क्षेत्र से कहीं गुम हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बच्चे की तलाश में जुट गई। दरगाह और आसपास के क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराया गया तथा परिजनों द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटो के आधार पर तलाश की गई।

इस दौरान पुलिस टीम को दरगाह क्षेत्र में एक बालक अकेले घूमता हुआ मिला। फोटो से मिलान करने पर उसकी पहचान गुमशुदा मोहम्मद शेख के रूप में हुई। पुलिस टीम बच्चे को सकुशल कोतवाली लेकर पहुंची और चाइल्ड वेलफेयर टीम के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक पूछताछ की। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर कोतवाली बुलाया गया और बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित