हरिद्वार , फरवरी 23 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में मानव तस्करी विरोधी इकाई (एएचटीयू) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत पुलिस ने देर रात तीन नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में लिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि तीनों बच्चे लावारिस हालत में हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर घूमते हुए मिले थे।
पुलिस के अनुसार तीनों बालक 20 फरवरी को गुरुग्राम से स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन घूमने की योजना बनाकर ट्रेन से हरिद्वार पहुंच गए। हरिद्वार पुलिस द्वारा ऑपरेशन स्माइल के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत रेलवे स्टेशन, हर की पैड़ी सहित सार्वजनिक स्थलों पर बिना अभिभावकों के घूमते बच्चों की पहचान और सत्यापन किया जाता है।
बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम को तीनों बालक संदिग्ध अवस्था में मिले। प्रारंभिक पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने मौके पर उनकी काउंसलिंग की और उन्हें सुरक्षित रूप से बाल गृह ज्वालापुर में दाखिल कराया।
बाद में विस्तृत काउंसलिंग के दौरान बच्चों ने अपना नाम और पता बताया। पुलिस द्वारा परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि बच्चे स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन स्कूल न पहुंचने पर परिजनों ने काफी तलाश की और स्थानीय थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
तीनों बच्चे कक्षा छह के छात्र हैं और हरिओम इंटरनेशनल स्कूल खेड़की में अध्ययनरत हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद वे बिना किसी को बताए ट्रेन से हरिद्वार पहुंच गए थे।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए बच्चों को सकुशल परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आमजन से अपील की है कि यदि कोई नाबालिग बच्चा बिना अभिभावक के संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित