मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी , अगस्त 16 -- छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पुलिस के 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत पूर्व नक्सल प्रभावित और अब नक्सलमुक्त हो चुके दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूली बच्चों को पहली बार जिला मुख्यालय मोहला में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में शामिल कराया गया। इस दौरान बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली और साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया।
जिला प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सलामी दी। इस अवसर पर कलेक्टर तूलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह सहित जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा नागरिक उपस्थित थे।
समारोह में 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत पहुंचे बच्चों से राज्यसभा सांसद वर्मा ने मुलाकात की और चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कलेक्टर प्रजापति और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिंह ने भी बच्चों से संवाद किया तथा उन्हें शिक्षा, राष्ट्रसेवा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस के अनुसार, बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए कार्यक्रम स्थल पर विशेष स्टॉल लगाए गए। यहां उन्हें डायल-112, पुलिस कंट्रोल रूम, आपातकालीन पुलिस सहायता तथा साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बच्चों के सवालों के जवाब भी दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित