मुरैना , अप्रैल 7 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिला पुलिस ने 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत गुम हुए 211 मोबाइल फोन बरामद कर उनके धारकों को सुपुर्द किए। बरामद मोबाइलों की कीमत 31 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुम मोबाइल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने साइबर सेल और सभी थाना प्रभारियों को मोबाइल तलाश कर शीघ्र लौटाने के निर्देश दिए थे।

निर्देशों के पालन में साइबर सेल और पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता से विशेष अभियान चलाया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के आगरा, राजस्थान के धौलपुर तथा मध्यप्रदेश के मुरैना, गुना और शिवपुरी क्षेत्रों से मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए गए।

आज मुरैना कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए मुरैना पुलिस की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित