कोंडागांव , अप्रैल 25 -- ) छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में चलाए जा रहे "ऑपरेशन मुस्कान" और "ऑपरेशन तलाश" के तहत केशकाल पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन लापता बालिकाओं को अलग-अलग राज्यों से बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि केशकाल थाना में विभिन्न तिथियों 08 मार्च, 04 अप्रैल एवं 20 अप्रैल 2026 को बालिकाओं के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामलों में नाबालिग होने के कारण अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की आशंका पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्र एवं एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम के मार्गदर्शन में तीन अलग-अलग पुलिस टीमें रवाना की गईं। जांच के दौरान एक बालिका को बालोद जिले के पुरूर बस स्टैंड, दूसरी को महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के ग्राम घिवारी तथा तीसरी को तेलंगाना के हैदराबाद स्थित एयरफोर्स अकादमी के पास से बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा बालिकाओं से पूछताछ और न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि किसी व्यक्ति विशेष द्वारा उनके साथ कोई आपराधिक घटना नहीं हुई है।

पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तीनों बालिकाओं को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया। बालिकाओं की सुरक्षित वापसी पर परिजनों ने भावुक होकर पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रेमनाथ बघेल, सहायक उप निरीक्षक अनिता मेश्राम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, विनय बघेल, विमला मंडावी, माधुरी रावटे, महिला आरक्षक अहिल्या यादव, सोनल यादव, आरक्षक गिरजू मरकाम, अमित मंडावी तथा साइबर सेल कोंडागांव के आरक्षक जितेंद्र मरकाम और बीजू यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित