कोंडागांव , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ में ऑपरेशन मुस्कान के तहत काेंडागांव जिले के थाना माकड़ी क्षेत्र निवासी एक गुमशुदा किशोरी को पुलिस ने बरामद कर शनिवार को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से परिवार में राहत और खुशी का माहौल देखा गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रतनलाल मरकाम निवासी सोहंगा थाना माकड़ी ने छह अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि उसकी पुत्री कु. पिंकी मरकाम 31 मार्च को बिना किसी को बताये घर से कहीं चलीगयी थी। मामले में थाना माकड़ी में गुम इंसान क्रमांक 03/2026 दर्ज कर जांच और तलाश शुरू की गयी।
पुलिस के अनुसार, गुमशुदा किशोरी की तलाश के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना स्तर पर टीम गठित कर संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की जा रही थी और विभिन्न स्रोतों से जानकारी एकत्र की जा रही थी।
तलाश के दौरान पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर 10 अप्रैल को कोंडागांव के बाजारपारा क्षेत्र से गुमशुदा किशोरी पिंकी मरकाम को सकुशल दस्तयाब किया गया। इसके बाद उसे थाना लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या गुमशुदगी की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने में दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित