हरिद्वार , मई, 17 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में अपराध और गौ तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने एक गौ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, नकदी तथा गौ तस्करी में प्रयुक्त बिना नम्बर प्लेट की कार बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम रविवार को जयराम मोड़ क्षेत्र में वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान बिना नम्बर प्लेट की एक सफेद कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैरियर लगाकर वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम परवेज उर्फ अल्लाहदिया पुत्र बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर आश्रमों और सड़कों से गाय चोरी कर उन्हें इसी वाहन से ले जाकर बेचता था। आरोपी ने यह भी कबूला कि 13 मई की रात सप्तसरोवर आश्रम के पास स्थित गौशाला से एक गाय चोरी कर बेची गई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से 5100 रुपये भी बरामद किये हैं।
पुलिस के अनुसार, उक्त घटना के संबंध में कोतवाली नगर में पहले मुकदमा दर्ज है। वहीं आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने गौ तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित